कोंच के सुनील लोहिया बने सरस्वती संगीत सरोवर के संरक्षक

कोंच के सुनील लोहिया बने सरस्वती संगीत सरोवर के संरक्षक

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-06-09 News
झाँसी। बुंदेलखंड की धरती पर साहित्य और संगीत की धारा को प्रवाहित करने के उद्देश्य से झाँसी में सरस्वती संगीत सरोवर नामक साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था का भव्य गठन किया गया। संस्था का संचालन संगीत मर्मज्ञ एवं अति सम्माननीय आदरणीय अरुण भाटिया के मार्गदर्शन तथा युवा संगीतकार, युवाओं की धड़कन श्री आशीष श्रीवास्तव के निर्देशन में किया जाएगा। संस्था की कार्यकारिणी में संरक्षक पद पर कोंच के वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष आदरणीय सुनील लोहिया जी (कोंच वाले) तथा सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी आदरणीय दिनेश यादव जी को मनोनीत किया गया है। वहीं अध्यक्ष पद का दायित्व श्री अरविंद अरोरा और सचिव पद का दायित्व श्री जितेंद्र पाल को सौंपा गया। संस्था का शुभारंभ बेतवा बिहार में झाँसी के संगीत प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। सर्वप्रथम केक काटकर उद्घाटन किया गया और उसके बाद “एक मोहब्बत भरी शाम” शीर्षक से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इस अवसर पर संस्था से जुड़े साहित्यकारों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवी वर्ग, नारी शक्ति और नागरिकों ने बेहद सुंदर भजन और मनमोहक गीत प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री राकेश अग्रवाल, श्री मुकेश गोयल, श्री राम प्रकाश झा, श्री राकेश मेहरोत्रा, श्री आशीष कपूर, श्री पंकज प्रजापति, श्री चंदन सिंह, श्री अभय अग्रवाल, श्रीमती आशी कपूर, श्रीमती ममता शर्मा सहित नगर के अनेक संगीत प्रेमी एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। सरस्वती संगीत सरोवर संस्था का उद्देश्य साहित्य और संगीत की संवेदनशील परंपरा को आगे बढ़ाना, नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा सांस्कृतिक चेतना को समाज में जीवित रखना है। संस्था के पदाधिकारियों ने संकल्प व्यक्त किया कि आने वाले समय में झाँसी ही नहीं, समूचे बुंदेलखंड में कला और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।