
राजनैतिक दल विधानसभावार बीएलए की सूची 15 दिवस में उपलब्ध कराएं : जिला निर्वाचन अधिकारी
झाँसी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिहीन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति तत्काल की जाए और फार्म-ठस्।-2 में उनकी फोटो व मोबाइल नम्बर सहित जानकारी 15 दिवस के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। डीएम ने कहा कि आगामी दिनों में मतदान स्थलों का सम्भाजन किया जाना है। ऐसे में नये मुहल्लों/कालोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों के छूटे हुए मजरे अथवा ग्राम का भौतिक चिन्हांकन कर उनके अनुभाग (सेक्शन) बनाना आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ/सुपरवाइजर से प्रमाणपत्र प्राप्त कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी ग्राम/मजरा/मुहल्ला छूटा न हो। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों को भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग हेतु लगाएं, जिससे मतदाता सूची शुद्ध व त्रुटिहीन रूप से तैयार हो सके। बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष उदय लुहारी, सपा जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह, कांग्रेस नेता देशराज रिछारिया एवं गिरजा शंकर राय, आप के महानगर अध्यक्ष ग्यादिन कुशवाहा, भाजपा नेता सत्येन्द्र खरे, आप नेता बी.एल. भास्कर सहित प्रशासनिक अधिकारी अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, मोंठ अवनीश कुमार तिवारी, गरौठा सुनील कुमार, मऊरानीपुर प्रदीप कुमार, टहरौली गौरव कुमार आर्या मौजूद रहे।