
नवागंतुक पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि ने संभाला झाँसी परिक्षेत्र का पदभार
झाँसी। नवागंतुक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) झाँसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना होगी। आईजी कुलहरि ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत जघन्य अपराधों के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना, सड़क पर गुंडागर्दी खत्म करना, माफियाओं व सक्रिय गैंग को चिन्हित कर निष्क्रिय करवाना शामिल है। साथ ही, साइबर क्राइम पर प्रभावी कार्रवाई, पुलिस बल में आधुनिक तकनीक का उपयोग, अनुशासन और प्रशिक्षण पर विशेष फोकस रहेगा। आईजी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को भयमुक्त व अपराधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना ही उनका उद्देश्य है तथा शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।