
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरित किए
लखनऊ, 27 अगस्त 2025। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर प्रतिभाशाली व ऊर्जावान युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को आगे बढ़ाता है। युवाओं को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना प्रत्येक कल्याणकारी सरकार का दायित्व है। मुख्यमंत्री आज मिशन रोजगार के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि चयनित मुख्य सेविकाएं आंगनवाड़ी केंद्रों में कुपोषित माताओं और नवजात शिशुओं के लिए चल रहे पोषण अभियान की मॉनीटरिंग का कार्य करेंगी। कार्यक्रम में कुल 2,438 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें आजमगढ़, अमरोहा, शामली, लखनऊ, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के युवा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क के जंगलों में रहने वाली थारू जनजाति की बेटियों का चयन इस पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का प्रमाण है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश की बेटियां बड़ी संख्या में चयनित होकर शासन-व्यवस्था का हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,244 कार्मिकों की भर्ती की गई, जिनमें 12,045 बेटियां शामिल हैं। वर्ष 1947 से 2017 तक प्रदेश पुलिस बल में मात्र 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जबकि बीते आठ वर्षों में 40 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी भर्ती की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार बेसिक शिक्षा विभाग में 1.56 लाख शिक्षकों की भर्ती भी कराई गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सभी प्रयास युवाओं को अवसर देने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सरकार के संकल्प का प्रमाण हैं।