सभी राशन कार्डधारक 31 अगस्त तक ई-केवाईसी कराएं, वरना रुकेगा राशन

सभी राशन कार्डधारक 31 अगस्त तक ई-केवाईसी कराएं, वरना रुकेगा राशन

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-08-23 News
झांसी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिन राशनकार्ड धारकों की ई-केवाईसी शेष है, उन्हें 31 अगस्त 2025 तक हर हाल में ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी न होने पर संबंधित यूनिटों का सितम्बर माह से खाद्यान्न वितरण रोक दिया जाएगा। जिन लाभार्थियों की यूनिटें तीन माह के भीतर ई-केवाईसी पूर्ण कर लेंगी, उन्हें अगले माह से खाद्यान्न फिर से मिलने लगेगा। किंतु तीन माह के बाद भी ई-केवाईसी न कराने वालों की यूनिटें राशन कार्ड से निरस्त कर दी जाएंगी। जिले में कुल 14,50,881 यूनिटों में से 26,885 (पांच वर्ष या उससे कम आयु) यूनिट को छूट दी गई है। अब तक 12,21,797 यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,02,199 यूनिटें अभी लंबित हैं। अधिकारियों ने साफ कहा है कि नए राशनकार्ड और जोड़ी गई नई यूनिटों को भी खाद्यान्न प्राप्त करने से पूर्व ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।