
जिलाधिकारी ने लगाई एजेंसियों की क्लास, सितम्बर तक पेयजल योजनाएँ पूर्ण करने के निर्देश
झाँसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कैम्प सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन डालते समय खोदी गई सड़कों को मानक और गुणवत्ता के अनुसार तत्काल बहाल किया जाए, ताकि आमजन को आवाजाही में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद की 10 ग्राम समूह पेयजल योजनाओं में से 7 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 3 अभी लंबित हैं। उन्होंने बीजीसीसी प्राइवेट लिमिटेड के कार्य पर नाराज़गी जताते हुए सितम्बर माह तक हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इमलौटा, टेहरका और बरथरी योजनाओं में तेजी लाने के लिए उन्होंने मैनपावर बढ़ाने पर ज़ोर दिया। पाइप लाइन टेस्टिंग में लीकेज और कम गाँवों में रेगुलर सप्लाई होने पर भी उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। खैलार गाँव में मोटर लगाकर पानी खींचने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। वहीं घिसौली गाँव में कार्यों में अवरोध डालने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग की 42 सड़कों की बहाली को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा और भविष्य में पाइपलाइन डालने व सड़क मरम्मत की जानकारी समय पर विभाग को देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, नमामि गंगे के जिला परियोजना प्रबंधक योगेन्द्र कुमार, जल निगम व लोक निर्माण विभाग के अभियंता सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।