स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बिकेंगे अमेज़न-फ्लिपकार्ट पर दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने दिए निर्देश, 74 बिंदुओं पर हुई समीक्षा

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बिकेंगे अमेज़न-फ्लिपकार्ट पर दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने दिए निर्देश, 74 बिंदुओं पर हुई समीक्षा

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-08-22 News
झाँसी। झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब और पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुँचे। इसके लिए विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए और लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा की जाए। बैठक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री पर विशेष चर्चा हुई। सांसद ने निर्देश दिया कि समूहों को जेम पोर्टल पर पंजीकृत कराकर उनके उत्पाद अमेज़न व फ्लिपकार्ट के माध्यम से बेचे जाएं। साथ ही, आगामी जल विहार मेले में मुफ्त स्थान उपलब्ध कराकर बिक्री का अवसर दिया जाए। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सुझाव दिया कि उत्पादों का कॉपीराइट कराया जाए ताकि विपणन में आसानी हो। बिजली व्यवस्था पर नाराजगी बैठक में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। सांसद ने नए सबस्टेशन बनाने हेतु भूमि की उपलब्धता की जानकारी ली और दुनारा व हंसारी सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि पर जोर दिया। स्मार्ट मीटर लगाने पर भी जनप्रतिनिधियों ने असंतोष प्रकट किया। हर घर जल योजना और सड़कें जल जीवन मिशन की समीक्षा में सांसद ने कहा कि 10 में से 7 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, शेष जल्द पूरी की जाएं। पाइपलाइन डालने से क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने और ग्रामवार सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य व आयुष्मान योजना ललितपुर के मड़ावरा ब्लॉक में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने पर सांसद ने नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि झाँसी में ऐसा हुआ तो दोषियों को सीधा जेल भेजा जाएगा। मध्यप्रदेश से आने वाले आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज न करने वाले अस्पतालों पर कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। एनएचएआई और गोवंश समस्या राष्ट्रीय राजमार्गों की खराब स्थिति और छुट्टा गोवंश से हो रही दुर्घटनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद ने गड्ढे भरने और सड़क सुरक्षा के इंतज़ाम बेहतर करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने टोल प्लाज़ा पर कैटल कैचर लगाने का सुझाव दिया। अन्य मुद्दे बैठक में विद्युत संयोजन में देरी, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, स्वास्थ्य केंद्रों की गंदगी, प्राइवेट एम्बुलेंस से दलाली, कौशल विकास, रेलवे, एमएसएमई और डिफेंस कॉरिडोर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने किया और अंत में आभार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अक्षय दीपक ने व्यक्त किया।