जीरो पावर्टी कार्यक्रमों का सत्यापन करायें – मण्डलायुक्त

जीरो पावर्टी कार्यक्रमों का सत्यापन करायें – मण्डलायुक्त

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-08-21 News
झांसी। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में कर-करेत्तर, राजस्व, विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जीरो पावर्टी कार्यक्रमों का सत्यापन कराया जाए, क्योंकि यह अभियान सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि पोर्टल पर उपलब्ध डेटा में दर्ज गरीबों से सीधे संपर्क कर उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ हर हाल में उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी निर्धन व्यक्ति वंचित न रह जाए। साथ ही फसली ऋण वितरण की प्रगति को लक्ष्य अनुरूप तेज करने, किसानों के खातों का आधार सीडिंग सत्यापन एक सप्ताह में पूर्ण करने और खाद की उपलब्धता हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। महत्वपूर्ण निर्देश ग्राम पंचायत: संपत्ति रजिस्टर को अद्यतन करें। फैमिली आईडी: प्रगति बढ़ाने हेतु ठोस योजना बनाएं। विद्यालय/छात्रावास: कस्तूरबा विद्यालय, छात्रावास व निराश्रित स्थलों का 15 दिन में निरीक्षण। जन्म प्रमाणपत्र: बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र एक सप्ताह में पूरे करें। प्रधानमंत्री आवास योजना: लाभार्थीवार सत्यापन करायें। आसरा आवास योजना: नगर पंचायतों में बने आवास पात्रों को प्राथमिकता पर आवंटित करें। जलजीवन मिशन: शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर छोटी-छोटी कमियां दूर करें। विद्युत आपूर्ति: रोस्टर के अनुसार उपलब्ध कराएं व योजनाओं हेतु कनेक्शन प्राथमिकता पर दें। औषधि नियंत्रण: तीनों जनपदों में नकली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए सख्ती। छात्रवृत्ति: लाभार्थियों का सही डेटा फीड सुनिश्चित करें। पोषण योजनाएं: गर्भवती महिलाओं व छोटे बच्चों को समय पर पोषाहार मिले। खाद्य निरीक्षण: संयुक्त रूप से खाद्य सामग्री व पेट्रोल पंपों का निरीक्षण। कानून-व्यवस्था पर बल मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि: गैंगस्टर प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई हो। पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, एंटी भू-माफिया और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगे। अवैध खनन पर जिम्मेदारी तय की जाए। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में एनएचएआई के साथ पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। बैठक में उपस्थित अधिकारी बैठक में डीआईजी केशव कुमार चौधरी, जिलाधिकारी झांसी मृदुल चौधरी, जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ललितपुर अमनदीप डुली, एसएसपी जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर आयुक्त प्रशासन उमाकांत त्रिपाठी, सीडीओ झांसी जुनैद अहमद, डीएफओ नीरज आर्या, एडीएम प्रशासन झांसी शिव प्रताप शुक्ल, सचिव जेडीए उपमा पाण्डेय, संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।