हर घर तिरंगा - हर घर स्वच्छता अभियान के तहत बुंदेलखंड महाविद्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
झांसी। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवाहन पर हर घर तिरंगा - हर घर स्वच्छता अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रदेशभर में विभिन्न संस्थाओं द्वारा तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुंदेलखंड महाविद्यालय के तत्वावधान में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने शहरवासियों को देशभक्ति और स्वच्छता के संकल्प से जोड़ने का कार्य किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ, जहाँ प्राचार्य डॉ. एस. के. राय ने राष्ट्रध्वज फहराकर यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में महाविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा थामे, देशभक्ति के गीत गाते और स्वच्छ भारत - स्वस्थ भारत तथा वंदे मातरम जैसे नारों के साथ यात्रा को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। यात्रा का मार्ग बीकेडी चौराहा, खंडेराव गेट चौराहा, पुरानी तहसील चौराहा, जीवनशाह तिराहा, इलाइट चौराहा और है चित्र चौराहा से होता हुआ पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंजता रहा। प्राचार्य डॉ. एस. के. राय ने अपने संबोधन में कहा, ष्तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र का प्रतीक नहीं, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और गर्व की पहचान है। साथ ही स्वच्छता, स्वस्थ समाज और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी हर नागरिक को लेना चाहिए। यात्रा के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे न केवल अपने घर पर तिरंगा फहराएंगे, बल्कि अपने आसपास सफाई बनाए रखने के लिए भी सक्रिय योगदान देंगे। इस आयोजन ने न केवल स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया, बल्कि स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश भी जन-जन तक पहुँचाया।