
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ – स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री योगी का संदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यवासियों से ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ का संकल्प लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का उत्सव केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यबोध का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, वहीं स्वच्छता हमारे संस्कार, हमारी सभ्यता और हमारे उज्ज्वल भविष्य की पहचान है। उन्होंने ज़ोर दिया कि चाहे गांव हो या शहर, पंचायत हो या नगर निकाय—आजादी का यह पर्व सबको एक सूत्र में पिरोता है और हम सभी की जिम्मेदारी है कि राष्ट्रभक्ति के साथ एक स्वच्छ, सुंदर और सशक्त उत्तर प्रदेश का निर्माण करें। योगी ने अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक पंचायत सचिवालय, नगर निकाय कार्यालय, घरों, सार्वजनिक भवनों और संस्थानों में तिरंगा फहराया जाए और आसपास की स्वच्छता को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानते हुए सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर राज्य के लिए गर्व का अवसर है, क्योंकि 33 से अधिक ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिल्ली में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष सम्मान मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित ग्राम प्रधानों और उनके ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उन गांवों की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा, “आइए, हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस को एक सच्चे जन अभियान का रूप दें, ताकि आने वाली पीढ़ियां हमें गर्व के साथ याद करें।