
सरदार गगनदीप सिंह को लघु उद्योग व्यापार मंडल ने दिया दानवीर भामाशाह रत्न सम्मान
सुलतानपुर। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा पंजीकृत संस्था आरपीएस-एमएएफ की ईकाई लघु उद्योग व्यापार मंडल द्वारा चलाए जा रहे दानवीर भामाशाह रत्न सम्मान अभियान के तृतीय चरण में "सरबत दा भला" अर्थात सबका भला हो, इस सिद्धांत को अपने व्यक्तिगत जीवन में पूर्ण रूप से उतारने वाले लक्ष्मणपुर निवासी समाजसेवी व्यापारी सरदार गगनदीप सिंह के प्रतिष्ठान पर पहुंच कर लघु उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता, युवा जिला प्रभारी अरविन्द चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, युवा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मोदनवाल, युवा जिला वरिष्ठ महामंत्री आशीष बरनवाल एडवोकेट ने उन्हें दानवीर भामाशाह रत्न सम्मान से सम्मानित किया। इस दौरान वहां मौजूद सरदार गगनदीप सिंह के पिता सरदार गुरदीप सिंह का भी अभिनंदन लघु उद्योग व्यापार मंडल टीम द्वारा किया गया। विदित हो कि सरदार गगनदीप सिंह द्वारा अपनी रजिस्टर्ड संस्था धन श्री गुरु नानक देव जी लंगर सेवा ट्रस्ट के माध्यम से पिछले कई वर्षों से हर सप्ताह जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क भोजन वितरित कराया जा रहा है। इनकी टीम में सरदार हरप्रीत सिंह, सरदार सतपाल सिंह रम्मो, महेश दत्त , शिव नायक वर्मा, सरदार गुरप्रीत सिंह, प्रभाकर दत्त सहित अनेक समाजसेवी हैं, जो तन मन धन से इनको नियमित सहयोग देते आ रहे हैं। निःशुल्क भोजन वितरण के अलावा इनके ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद छात्रों को फीस और कापी किताब भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसी के साथ अनेक जरूरत मंद परिवार हैं जिन्हें उनके द्वारा प्रतिमाह राशन आदि प्रदान किया जाता है। इसके अलावा सरदार गगनदीप सिंह के नेतृत्व में ट्रस्ट द्वारा सुल्तानपुर के अतिरिक्त प्रतापगढ़, लखनऊ, जगाधरी यमुना नगर आदि जगहों में भी समाज सेवा के कार्य किये जा रहे है। धन श्री गुरु नानक देव जी लंगर सेवा ट्रस्ट द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे, सेवा कार्य से इलाके के आम नागरिकों में सरदार गगनदीप सिंह और उनकी पूरी टीम के प्रति अपार सम्मान का भाव है।