
संघर्ष सेवा समिति एवं सेवा के जवानों ने सैन्य क्षेत्र में संयुक्त रूप से किया पौधरोपण
झाँसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संघर्ष सेवा समिति द्वारा पर्यावरण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत 30 मई से 5 जून तक प्रत्येक दिन संघर्ष सेवा समिति के सदस्यों द्वारा विविध स्थानों पर पौधरोपण का पुनीत कार्य किया जा रहा है। पौधारोपण के क्रम में संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ संदीप सरावगी हंसारी स्थित सैन्य क्षेत्र में पौधरोपण करने पहुंचे जहां कैप्टन लोकेश के नेतृत्व में भारतीय सेवा के जवानों एवं संघर्ष सेवा समिति के सदस्यों ने एक साथ 21 पेड़ लगाकर स्वच्छ वातावरण स्थापित करने का संदेश दिया। जानकारी देते हुए डॉक्टर संदीप ने कहा जिस तरह देश के सैनिक देश की आंतरिक और बाहरी रूप से रक्षा करते हैं उसी तरह वृक्ष भी पर्यावरण की रक्षा कर हमें शुद्ध वायु, भोजन आदि प्रदान करते हैं। देश के जवानों की वीरता का प्रदर्शन कुछ समय पूर्व हमें देखने को मिला जिस तरह भारतीय सेना ने अपनी वीरता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान सेना के छक्के छुड़ा दिए। जिस तरह देश के सैनिक देश की रक्षा कर रहे हैं उसी तरह हमें भी अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाकर पर्यावरण की रक्षा में योगदान करना चाहिए। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने की थीम पर मनाया जा रहा है हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें यदि कभी आवश्यकता भी महसूस होती है तो उसे जमीन पर न फेकें। आपके छोटे से कार्य से निश्चित रूप से एक क्रांति लाई जा सकती है। हमारे संगठन द्वारा प्रतिवर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साप्ताहिक या पाक्षिक कार्यक्रम मनाया जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हमारा संगठन विविध स्थान पर सैकड़ों की संख्या में वृक्षारोपण का कार्य कर रहा है। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हमारा संगठन बृहद स्तर पर पौधारोपण का कार्य करेगा। साथ ही मैं पूरे देश की जनता से अपील करता हूं अपने घरों में या खुले क्षेत्र में पौधरोपण अवश्य करें और पर्यावरण को शुद्ध एवं स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति से अभय यादव, आनंद चौहान, रोहन वर्मा, विधि वर्मा, अनिल वर्मा, पंकज, संदीप नामदेव, आशीष विश्वकर्मा, महेंद्र रायकवार, सुशांत गुप्ता, राकेश अहिरवार के साथ आर्मी कैप्टन लोकेश व सेना के जवान उपस्थित रहे।