
रेलवे कर्मियों के परिवारों के लिए जागरूकता सेमिनार का आयोजन
झाँसी । झाँसी मंडल के बांदा क्रू बुकिंग लॉबी में एक प्रेरणादायक फैमिली सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य क्रू नियंत्रक, 06 मुख्य लोको निरीक्षक, कुल 25 लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट, तथा उनके परिवारों के लगभग 65 सदस्य (पत्नी एवं बच्चे) सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोको पायलटों के चुनौतीपूर्ण कार्यदिवस में उनके परिवारों की भूमिका को रेखांकित करते हुए, एक सहायक और सकारात्मक पारिवारिक वातावरण के निर्माण हेतु उन्हें मार्गदर्शन देना था। इस अवसर पर कुंभ मेले में ड्यूटी निभाने वाले 05 लोको पायलटों की पत्नियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया ,साथ ही, सभी उपस्थित पत्नियों एवं बच्चों को भी उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई और लोको पायलटों की पत्नियों के साथ निम्न महत्वपूर्ण विषयों पर काउंसलिंग की गई: घर पर शांतिपूर्ण एवं विश्रामयुक्त वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। ड्यूटी पर जाते समय पति को मानसिक तनाव से मुक्त रखने हेतु प्रेरित किया गया। SPAD या दुर्घटनाओं की स्थिति में परिवार पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी गई। घरेलू कार्यों में योगदान देकर एक सहयोगात्मक पारिवारिक परिवेश प्रदान करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में सहभागिता और संवाद के माध्यम से पारिवारिक समर्थन की महत्ता को रेखांकित किया गया, जो रेलवे संचालन की सुरक्षा और दक्षता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।