
बच्चों के सर्वांगीण विकास में समर कैम्प की महत्वपूर्ण भूमिका - सीडीओ
झाँसी । जनपद झाँसी के समस्त सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में दिनांक 21 मई से 10 जून 2025 तक समर कैम्प का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। इस समर कैम्प का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, रचनात्मक एवं व्यावहारिक ज्ञान का समावेश किया गया है। कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने कहा कि समर कैम्प बच्चों के लिए बहुत उपयोगी होते हैं क्योंकि वे उन्हें गर्मियों की छुट्टियों में व्यस्त और रचनात्मक तरीके से सीखने और बढ़ने का अवसर देते हैं। यह बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समर कैम्प बच्चों के शारीरिक मानसिक और सामाजिक विकास में कई तरह से मदद करते हैं। उन्होंने कहा समर कैम्प के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ ही घर से दूर एक नए सुरक्षित माहौल में बच्चे अपने फैसले स्वयं। लेना सीखते हैं और अपनी चीजों का प्रबंधन करते हैं नई चुनौतियों का।सामना करने और उनमें सफल होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अधिक आत्मनिर्भर बनते हैं। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे स्क्रीन पर अधिक समय बिताते हैं, ऐसे में समर कैंप उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रहने का अवसर देते हैं, बाहरी खेल, हाकिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियाँ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने समर कैम्प से सम्बंधित महत्त्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि समर कैम्प बच्चों को नए अनुभवों दोस्तों और रोमांच से भरी ऐसी यादें देते हैं, जिन्हें वह जीवन भर याद रखते हैं। कुल मिलाकर समर कैम्प बच्चों को एक समग्र विकास का अनुभव प्रदान करते हैं जो उन्हें शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ने के साथ-साथ एक जिम्मेदार और आत्मविश्वासी व्यक्ति बनने में भी मदद करते हैं। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के निर्देशानुसार समर कैम्प की जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अन्तर्गत समस्त माध्यमिक विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के द्वारा (21) मई से 10 जून 2025) तक नई खोज, खेल खेल में सीखने हेतु समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय की गतिविधयों के अनुश्रवण हेतु जनपदीय नोडल अधिकारी एंव ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किये जा चुके है। उन्होंने बताया कि समर कैम्प प्रतिदिन सुबह 07 से 10 बजे (3 घंटे) के लिये आयोजित किया जाना है किन्तु भीषण गर्मी के दृष्टिगत स्थानीय परिवेश के अनुसार समर कैम्प की समयाविधि का निर्धारण जिला स्तरीय कमेटी द्वारा किया जाना है। जनपदीय समिति द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को समर कैम्प की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। कैम्प आयोजन के समय विधार्थीयों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत आकस्मिकता की स्थिति में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से व्यवस्था की जानी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि जनपदीय समिति द्वारा बाह्य सहयोग हेतु सी०एस०आर० फंड, एन०जी०ओ० से भी सहयोग प्राप्त कर शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। उन्होंने कहा कि समर कैम्प अवधि में प्रधानाचार्य की उपस्थिति अनिवार्य होगी। प्रधानाचार्य एव शिक्षकों को नियमानुसार उपार्जित अवकाश देय होगा। इसके अतिरिक्त समर कैम्प के दौरान सूक्ष्म जलपान (गुड., चना, केला, मौसमी फल, लईया पट्टी, बिस्किट, लस्सी, मठ्ठा या जूस का टेक्ट्रा पैक) इत्यादि की व्यवस्था विद्यालय द्वारा की जायेगी। कैम्प के दौरान बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, प्रधानाचार्य द्वारा,समस्त गतिविधियां छायादार जगह पर ही सम्पन्न करायी जाये। राजकीय विद्यालयों को समर कैम्प आयोजन हेतु धनराशि की व्यवस्था करायी जा चुकी है। किसी छात्र को कैम्प में सम्मिलित होने हेतु बाध्य ना किया जाये। समर कैम्प की प्रतिदिन की गतिविधियों की सूचना एंव जियों टैगिंग छायाचित्र ब्लॉक नोडल के माध्यम से जनपदीय नोडल द्वारा एकत्रित की जायेगी। बैठक में उपस्थित स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं अन्य सामाजिक संगठनों को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा ने कहा कि समर कैम्प सकारात्मकता के साथ आयोजित किया जाये एंव क्षेत्र स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाये। उन्होंने बताया समर कैम्प में 05 श्रेष्ठ समर कैम्पों को सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर जॉइंट मैजिस्ट्रेट में जी0 अक्षय दीपक सहित बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य/अध्यापक आदि उपस्थित रहे। रिपोर्ट- राकेश कुमार झाँसी