
रेल लाइन पर कार्यरत कर्मचारियों का महिला कल्याण संगठन द्वारा सम्मान
झाँसी । महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे, झाँसी द्वारा रेल लाइन पर कार्यरत कर्मचारियों के सम्मान में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। संगठन की अध्यक्षा श्रीमती स्वेता सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में गैंगमैन, ट्रैकमैन, ट्रैक मशीन मेंटेनेंस खलासी सहित अन्य ग्रुप ‘डी’ श्रेणी के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। श्रीमती स्वेता सिन्हा ने सम्मानित कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम और समर्पण को मान्यता देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन पर कार्य करने वाले ये कर्मचारी रेलवे की कार्यप्रणाली को सुरक्षित, नियमित एवं सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, जिसके लिए वे निःसंदेह प्रशंसा के पात्र हैं। इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम में इंजीनियरिंग, सिगनल, टेलीकॉम एवं विद्युत विभागों से जुड़े कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती शिल्पी शुक्ल, श्रीमती सारिका कनौजिया, श्रीमती ममता मिश्रा, श्रीमती रीना पाण्डेय, सचिव श्रीमती मोनिका गोयल, सह-सचिव श्रीमती प्रियंका गुप्ता, कोषाध्यक्ष श्रीमती मनुश्री सैनी सहित श्रीमती अर्चना, श्रीमती संगीता लामा , श्रीमती अंजली कंचन एवं श्रीमती आकांक्षा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह आयोजन संगठन की कर्मचारियों के प्रति सहानुभूति, सहयोग और सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है।