
आरती के पैर पखारकर एवं उपहार देकर संघर्ष सेवा कार्यालय से किया विदा
झाँसी- कहते हैं लड़कियां अपना भाग्य ऊपर से लिखकर लाती हैं, यह कहावत अक्सर चरितार्थ होते भी दिखती है। लड़कियों के जीवन में विवाह सबसे बड़ा दिन होता है हर लड़की की कामना होती है कि वह विवाह के दिन सज संवरकर सबसे अलग दिखाई दे। कभी-कभी अभाव में लड़कियां इस खुशी से वंचित रह जाती हैं लेकिन कोई न कोई उस अभाव को पूरा करने अवश्य पहुंच जाता है। रक्सा के ग्राम कोटखेरा निवासी आरती जिनके पिता खुशीराम खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं, संघर्ष सेवा समिति के सदस्य के माध्यम से झोकन बाग स्थित कार्यालय पहुंची। जहां उन्होंने अपने शादी के संबंध में समिति के संस्थापक डॉक्टर संदीप से वार्तालाप की। डॉक्टर संदीप ने उन्हें विवाह के दिन जनपद के प्रतिष्ठित कलर्स ब्यूटी पार्लर से तैयार कराने का आश्वासन दिया। विवाह के दिन आरती सज संवरकर संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पहुंची। जहां डॉक्टर संदीप और अन्य सदस्यों द्वारा आरती के पैर पखारे गए साथ ही उपहार के रूप में ट्रॉली बैग, किचन सैट, साड़ी व अन्य उपहार भी भेंट किए गये। संघर्ष सेवा समिति में मिले मान सम्मान से आरती व उसके परिजनों का खुशी का ठिकाना न रहा, सभी लोग डॉ० संदीप एवं समिति के सदस्यों की सराहना करते नजर आये। भावुक मन से आरती ने कहा संदीप भईया अच्छे व्यक्तित्व के धनी हैं। बहुत ही कम लोग हैं जो लोगों की सहायता को आगे आते हैं। आज के समय में जहां परिवार में ही आपसी कलह मचा रहता है, वहीं डॉ० संदीप जैसे परोपकारी लोगों का मिलना आसान बात नहीं है। यहां आकर मुझे बहुत सुखद अनुभव प्राप्त हुआ, मैं संघर्ष सेवा समिति के सभी सदस्यों और संदीप भईया का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। इस अवसर पर संदीप नामदेव, सुशांत गुप्ता, बसंत गुप्ता, कंचन राजगढ़, सोनू अहिरवार, आशीष विश्वकर्मा, अरुण पांचाल, राकेश अहिरवार, महेंद्र रायकवार, शिखा देवरिया, सूरज प्रसाद वर्मा, दिलीप आदि उपस्थित रहे।