
झांसी मंडल में इंफ्रास्ट्रक्चर का हो रहा सतत विकास
झाँसी । झांसी रेल मंडल द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर और मजबूत करने का कार्य सतत रूप से जारी है. मंडल के रेलकर्मियों द्वारा दो ब्रिज को प्रतिस्थापित किया गया। रेलकर्मियों द्वारा झांसी-कानपुर खंड के पारीछा-चिरगांव अप लाइन पर स्थित ब्रिज संख्या 1158/1 को प्रतिस्थापित किया गया. यहां स्टोन स्लैब ब्रिज की जगह 1.2*1.5 मीटर के आरसीसी बॉक्स लगाया गया। यह कार्य महज 4.5 घंटे में पूरा कर लिया गया। डेडीकेटेड फ्राइट कॉरिडोर के फीडर रूट के लिए बनाए जा रहे ट्रैक का यह चौथा ब्रिज है। इसी प्रकार एट - कोंच लाइन पर स्थित ब्रिज संख्या 1229/3 के स्टील गार्डर को हटा कर PSC स्लैब से प्रतिस्थापित किया गया। स्टील गार्डर का साइज 8*3.05 मीटर था। इस ब्रिज पर 1904 से पहले के स्टील गार्डर लगे हुए थे तथा लकड़ी के स्लीपर का इस्तेमाल था। पुराना होने की वजह से इस ब्रिज से गुजरते समय ट्रेन को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार बनाए रखनी पड़ती थी। अब PSC स्लैब के साथ PSC स्लीपर लग जाने से स्पीड की यह सीमा खत्म हो जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि मंडल के इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास सतत रूप से जारी है। सभी पुराने ब्रिज को नई मजबूती प्रदान की जा रही है। इससे ट्रेन की आवागमन और समयपालनता बेहतर होगी। इसके साथ ही संरक्षा में भी बढ़ोतरी होगी।