झांसी मण्डल में शासन की मंशा के अनुरुप अपेक्षित विकास हुआ: मण्डलायुक्त

झांसी मण्डल में शासन की मंशा के अनुरुप अपेक्षित विकास हुआ: मण्डलायुक्त

Written by Prem Prakash Agarwal 2025-02-19 News
झांसी: मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी। उन्होने शासन की मंशा के अनुरुप अपेक्षित विकास होने पर झांसी मण्डल के तीनों जनपदों (झांसी, ललितपुर व जालौन) के जिलाधिकारियों को बधाई देते हुये कहा कि सभी अधिकारी निरंतर ऊर्जा, संकल्प के साथ कार्य करें। मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी ललितपुर अक्षय त्रिपाठी को भारत निर्वाचन आयोग का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा शत-प्रतिशत मतदान कराने पर ललितपुर के दोनो बीएलओ को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मण्डलायुक्त ने वृक्षारोपण के अन्तर्गत सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना वन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सहजन (मोरिया व मुनगा) का प्रयोग एनीमिया में सबसे अधिक लाभदायक व गुणकारी है, इससे किशोरियों, महिलाओं व बच्चों को अधिक लाभ है। उन्होने सभी स्कूल, अस्पताल तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सहजन के पेड़ अवश्य लगाये जाने हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला, बाल विकास एवं पंचायतीराज विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। मण्डलायुक्त ने जलजीवन मिशन के अन्तर्गत पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुये आमजन को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हेतु जनपदवार प्रगति एवं कार्ययोजना उपलब्ध करायें। उन्होने यह भी निर्देश दिये कि गर्मी शुरु होने के पहले ही पेयजल आपूर्ति की सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को पेयजल उपलब्धता के लिये परेशान न होना पड़े। उन्होने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारियों को अभी से निरंतर माॅनीटरिंग करने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। उन्होने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों के अनुरुप कार्य करते हुये अनुपालन सुनिश्चित करायें। मण्डलायुक्त ने आईजीआरएस और जनसुनवाई प्रकरणों की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में सम्मिलित महत्वपूर्ण कार्य है, जिसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करायें। आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक सुनिश्चित करायें। उन्होने विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यो/जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण कार्य गुणवत्तापरक सुनिश्चित करायें जाने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने वृहद गौसंरक्षण केन्द्रों के लिये भूमि आवंटन हेतु सभी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने कर-करेत्तर की समीक्षा करते हुये मण्डी सचिव को निर्देशित करते हुये कहा कि आय बढ़ाने के जितने भी साधन है, उनका विस्तृत विवरण उपलब्ध कराते हुये एक सप्ताह में प्रगति लाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी झांसी अविनाश कुमार, जिलाधिकारी ललितपुर अक्षय त्रिपाठी, अपर आयुक्त प्रशासन उमाकान्त त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी झांसी जुनैद अहमद, संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस0एन0 त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व झांसी वरुण कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जालौन संजय कुमार, अपर निदेशक स्वास्थ्य डाॅ0 सुमन, लोक निर्माण विभाग, जीएसटी विभाग, मण्डी, सिंचाई विभाग, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य सम्बन्धित मण्डलीय व जनपदस्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।