
समाजसेवी पत्रकार डी पी गुप्ता का सूरत गुजरात में हुआ भव्य सम्मान
सुलतानपुर-सूरत। नमो इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता एडवोकेट ने अपने मुम्बई प्रवास के दौरान सूरत गुजरात का दो दिवसीय दौरा किया। सूरत के बालाजी नगर पांडेसरा में स्थित प्रसिद्ध विद्यालय सन इंटरनेशनल स्कूल के कार्यालय पर गुजरात मोदनवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रकाश मोदनवाल व वरिष्ठ पदाधिकारी उद्योगपति सुभाष मोदनवाल, सुरेश मोदनवाल ने डी पी गुप्ता व राष्ट्रीय महासचिव नमो इंडिया आशीष एच हलवाई का भव्य स्वागत अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नमो इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल के पद चिन्हों पर चलते हुए हलवाई समाज के विभिन्न घटकों जैसे यज्ञसेनी मोदनवाल मद्धेशिया आदि तमाम उपवर्गो को नमो इंडिया के फोरम पर संगठित करने का उनके द्वारा जो प्रयास किया जा रहा है वह सराहनीय है। इस अवसर पर मोदनवाल समाज गुजरात की तरफ से सुरेश मोदनवाल ने डी पी गुप्ता को सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा भेंट करते हुए उन्हें हलवाई समाज के लौह पुरुष की उपाधि प्रदान की। इस दौरान कार्यक्रम में पधारे रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आठवले के मराठा मोर्चा गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद एच बड़गे ने भी नमो इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता एडवोकेट को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान मोदनवाल समाज गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रकाश मोदनवाल व उद्योगपति सुभाष मोदनवाल सहित दर्जनों लोगों को नमो इंडिया संस्था में शामिल करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डी पी गुप्ता एडवोकेट व महासचिव आशीष एच हलवाई ने आपसी सहमति से सूरत निवासी वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश मोदनवाल को राष्ट्रीय सचिव मनोनीत करते हुए उनका अभिनंदन किया। इसके बाद सूरत में स्थित गांधी कुटीर इलाके में जाकर वहां नवसारी व सूरत शहर के विभिन्न इलाकों से आए मोदनवाल समाज के दर्जनों पदाधिकारियों व स्वजातीय बंधुओं से मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा किया।