गभड़िया ओवर ब्रिज पर गंभीर मरीजों के जीवन के साथ हो रहा है खिलवाड़

गभड़िया ओवर ब्रिज पर गंभीर मरीजों के जीवन के साथ हो रहा है खिलवाड़

Written by Prem Prakash Agarwal 2024-11-30 News
सुलतानपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गभड़िया ओवरब्रिज के ऊपर रोज शाम दर्जनों बारात निकलने की वजह से लगने वाले ट्रैफिक जाम में अक्सर गंभीर मरीजों को इलाज के लिए ले जाती एंबुलेंस फंस रही हैं। ऐसे में समय रहते इलाज न मिलने के चलते जहां मरीजों की स्थिति क्रिटिकल हो जाती है वहीं अब तक न जाने कितने मरीजों की जान इलाज में देरी होने के चलते जा चुकी होगी। विदित हो कि गभड़िया ओवरब्रिज के आसपास के इलाके में दर्जनों मैरिज लान है, जहां पर जाने के लिए सभी बारातों को ओवर ब्रिज से‌ गुजरना‌ पड़ता है। पुल के ऊपर डीजे बजाने पर रोक न होने के चलते बारात में शामिल महिला पुरुष पूरे ओवरब्रिज को पार करने के दौरान नाचते गाते रहते हैं। जिसके चलते पुल पर भयंकर जाम लग जाता है और सैकड़ों गाड़ियां सड़क पर फंस जाती है। दुखद पहलू यह है कि इस दौरान गंभीर मरीजों को इलाज के लिए ले जाती एंबुलेंस भी वहां लगे ट्रैफिक जाम में फंस जाती है। मरीजों के साथ चलने वाले उनके परिजन एंबुलेंस से उतर कर जाम खुलवाने का प्रयास करने लगते हैं। जाम में फंसे सभी वाहन चालक एंबुलेंस की सायरन को सुन कर उसको तत्काल आगे जाने हेतु यथासंभव अपने वाहन को किनारे लगाने का प्रयास करते हैं परंतु ओवरब्रिज पर सीमित जगह होने के चलते समय रहते जाम से छुटकारा नहीं मिल पाता। डीजे की तेज आवाज में नाचते गाते बरातियों को न एंबुलेंस की सायरन सुनायी देती है और न ही उन्हें एंबुलेंस में फंसे मरीजों की जान की परवाह ही होती है। इस बाबत मानव अधिकार संरक्षण के राष्ट्रीय प्रभारी डी पी गुप्ता एडवोकेट पत्रकार ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग किया कि जब तक शादी विवाह का सीजन चले तब तक गभड़िया ओवर ब्रिज पर रोज शाम छः बजे से रात दो बजे तक पर्याप्त पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती हो जो वहां से गुजरने वाली प्रत्येक बारात का डीजे ओवरब्रिज के ऊपर बजाने व नाच गाने पर रोक लगायें ताकि पुल पर ट्रैफिक जाम न लगे।