
पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकार की थीम पर आयोजित होगा 29 वां दीक्षांत समारोह- कुलपति
झांसी। 29 वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय ने कहा कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकार की थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसमें दीक्षांत मंच से पर्यावरण पर काव्य पाठ के साथ ही आंगनबाड़ी के बच्चों को 200 आंगनबाड़ी किट जिला प्रशासन झांसी एवं ललितपुर द्वारा वितरित की जाएगी। इस वर्ष लगभग 43 टीबी मरीजों को शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गोद लिया जाएगा साथ ही उनके पूर्ण स्वस्थ होने तक देखभाल की जाएगी। उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है इनके विजेता प्रतिभागियों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल के समक्ष एक छात्र अपने भावों को भी व्यक्त करेगा। कुलपति ने बताया कि इस वर्ष 21706 उपाधियां (57.54 छात्राओं को एवं 42.46 छात्रों को) कुलाधिपति पदक 36, विन्यासीकृत 46 एवं 110 शोध उपाधियां प्रदान की जाएगी। इसमें कुलाधिपति पदक 26 छात्राओं को एवं 10 छात्रों को प्रदान किए जाएंगे। विन्यासीकृत पदकों में 34 छात्राओं एवं 12 छात्रों को वितरित दिए। 110 शोध उपाधियां में 43 छात्रों को एवं 67 छात्रों को प्रदान किए जाएंगे। कुलपति ने बताया कि 29 वां दीक्षांत समारोह कुलाधिपति एवं राज्यपाल उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में दिनांक 23 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी में आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, द एयरोनॉटिकल सोसायटी ऑफ़ इंडिया डॉ जी सतीश रेड्डी रहेंगे। इस अवसर पर योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं श्रीमती रजनी तिवारी, माननीय उच्च शिक्षा राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रेस वार्ता में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी प्रमोद कुमार, परीक्षा नियंत्रक राज बहादुर सिंह, प्रोफेसर एसपी सिंह, प्रोफेसर आरके सैनी, प्रोफेसर मुन्ना तिवारी, उप कुलसचिव दिनेश प्रजापति, उप कुलसचिव सुनील सेन, उप कुलसचिव अंजुम शेख, कुलपति के निजी सचिव अनिल बोहरे, विवेक अग्रवाल, डॉ कौशल त्रिपाठी उपस्थित रहे।