अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल

Written by Prem Prakash Agarwal 2024-10-01 News
झांसी | त्योहारी सीजन शुरू होने से पूर्व ही जनपद में एक बड़ा हादसा हो गया है. जनपद के समथर थाना क्षेत्र में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो जाने की वजह से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. समथर के जंगलों में बनी इस फैक्ट्री में बारूद के ढेर पर काम कर रहे 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी मजदूरों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया है. जानकारी के अनुसार कुछ मजदूरों की उम्र 18 वर्ष से कम भी बताई जा रही है. समथर थाना क्षेत्र के जंगलों में अवैध रूप से बनी एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो जाने से 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय ने बताया कि फैक्ट्री मालिक के पास सिर्फ पटाखा बेचने का लाइसेंस था. वह अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम कर रहा था. इसके लिए उसने कोई लाइसेंस नहीं लिया था. वह जंगल के बीच छुपाकर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम कर रहा था. टीन शेड के नीचे चल रही थी अवैध पटाखा फैक्ट्री अवैध पटाखा फैक्ट्री में बारुद के ढेर पर जान जोखिम में डालकर काम कर रहे 6 मजदूर बुरी तरह घायल हो गए हैं. सभी मजदूरों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. एसडीएम मोठ प्रदीप ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है. टीन शेड के नीचे यह फैक्ट्री चल रही थी. फैक्ट्री मालिक से जानकारी ली जा रही है. मौके पर पूरे मामले की जांच चल रही है.