
अधिवक्ताओं का कल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
झांसी : आज मा0 महापौर नगर निगम बिहारी लाल आर्य, मा0 विधायक सदर रवि शर्मा एवं स्वतंत्र निदेशक पावर ग्रिड कॉरपोरेशन इंडिया लिमिटेड भारत सरकार राम नरेश तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में "स्मृति शेष अधिवक्ताओं के आश्रितों को सहायता राशि वितरण कार्यक्रम" का आयोजन कलेक्ट स्थित एन0आई0सी0 हॉल में किया गया। इस क्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति अरुण भंसाली जी के साथ लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 577 अधिवक्ताओं के आश्रितों को 28 करोड़ 31 लाख रुपए की धनराशि के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद झांसी के एन0आई0सी0 हॉल में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदर्शित किया गया। एन0आई0सी0 हॉल में सजीव प्रसारण के उपरांत माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के 07 अधिवक्ताओं के आश्रितों (ममता चौधरी, नीला नामदेव, शारदा देवी, सरिता श्रीवास्तव, खिलत आलम, पुष्पा देवी एवं शकुंतला श्रीवास्तव) को 05-05 लाख रुपए की धनराशि के स्वीकृति प्रमाण पत्र शॉल एवं श्रीफल के साथ सम्मानपूर्वक वितरित किए गए। स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ईश्वर शरण कनौजिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विधेश, जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व प्रदीप कुमार सक्सेना, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी मृदुल कांत श्रीवास्तव, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ पं0 चंद्रशेखर शुक्ल, महामंत्री जिला अधिवक्ता संघ के0पी0 श्रीवास्तव सहित अन्य अपर शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।