
मण्डलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
झांसी- मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में शासन द्वारा निर्धारित एजेण्डा बिन्दुओं के अन्तर्गत विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त द्वारा पर्यटन विभाग, उद्यान, ऊर्जा, कृषि, शिक्षा, पशुधन, पंचायतीराज एवं समाज कल्याण विभाग में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक में उपस्थित सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्य की समय से पूर्ति हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किये। बैठक के दौरान पर्यटन विभाग की समीक्षा के अन्तर्गत आयुक्त ने लक्षित परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बन्धित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये कि परियोजनाओं के निर्माण कार्य में प्रतिमाह 10 प्रतिशत भौतिक प्र्रगति लाना सुनिश्चित करें। उद्यान विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने विभाग में संचालित शासन की महत्वपूर्ण योजना ‘‘पर ड्राॅप मोर ड्राॅप-माइक्रोइरीगेशन’’ योजना में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति लायें। कृषि विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने निर्देश दिये कि किसान सम्मान निधि के प्राप्त आवेदनों का निस्तारण अधिकारी समयसीमा के भीतर पूर्ण करें, इस हेतु किसान सम्मान निधि के स्वीकृत आवेदनों को प्रतिमाह 26 तारीख तक प्राप्त तहसीलस्तर पर शीघ्रता के साथ निस्तारित कर आवेदनों को उप कृषि निदेशक के स्तर पर अग्रसारित करें, जिससे शासन की मंशानुरुप अधिक से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त हो सकें। उन्होने कहा कि कृषि विभाग में संचालित पी0एम0 कुसुम योजना के लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि लायें, जिससे शासन की यह योजना अपने अपेक्षित उद्देश्य को प्राप्त हो सकें। माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के अन्तर्गत आयुक्त ने निर्देश दिये कि प्रोजेक्ट अलंकार में निर्धारित मानकों के अनुरुप किये गये कार्य की प्रगति सम्बन्धी आख्या आगामी 23 अगस्त 2024 को समीक्षा बैठक में उपलब्ध करायें। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त ऋषिमुनि उपाध्याय, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या विभाग एस0एन0 त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।