
बजरंग दल ने फूंका आतंकवाद का पुतला
झाँसी | जम्मू-कश्मीर में नौ जून को वैष्णो देवी कटरा से शिवखोड़ी जा रही श्रद्धालुओं की बस पर हुए आंतकवादी हमले के विरोध में बजरंग दल ने आतंकवाद का पूतला फूंका। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल महानगर के बैनर तले तमाम कार्यकर्ता इलाइट चौराहा पर एकत्र हुए। यहां पर विरोध जताते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका गया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि आंतकवादी हमले में दस श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस घटना से पूरा देश आहत है। जम्मू-कश्मीर लंबे समय से आंतकवाद का दंश झेल रहा है। धारा 370 हटने के बाद उम्मीद जगी थी कि आंतकवादी हमले कम होंगे लेकिन ऐसी घटनाएं और बढ़ गई हैं। ऐसे में जरूरी है कि केंद्र सरकार को निर्देश दिए जाएं कि इस प्रकार की गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण पाने के लिए निर्णायक और कठोर कदम उठाए जाएं। इस दौरान जिला सुरक्षा प्रमुख मोहित राजपूत, मोहन सिंह, प्रफुल्ल जैन, हरीश बजरंगी, अजय सोनकर, राकेश कुमार, गुलशन भार्गव, यश रावत संजय झा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे.