
प्राइमरी स्कूल काशीनगर इंग्लिश मीडियम में हुआ वार्षिकोत्सव कार्यक्रम
झांसी। लगभग सत्र समापन के समय विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजन का रिवाज चल रहा है, जिससे बच्चों को विदाई देते समय उनकी प्रतिभा मंचन का अवसर मिल सके। ऐसा ही कार्यक्रम विकास क्षेत्र बबीना के प्राइमरी स्कूल काशीनगर इंग्लिश मीडियम में हुआ। प्रधानाध्यापक जॉर्ज एंथोनी ने विद्यालय का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम निर्धारित करते हुए उसे भव्यतापूर्वक मनाया। इसमें बच्चों ने सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष / जिलाध्यक्ष जितेन्द्र दीक्षित ने बच्चों को प्रोत्साहित कर उनके लिए भव्य आयोजन करने के लिए विद्यालय स्टाफ की सराहना की। उन्होंने बाल मंचन को शिक्षाप्रद बताया। विशिष्ट अतिथि बुन्देलखण्ड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध रावत ने मोबाइल एडिक्शन के दुष्प्रभाव संदेशनात्मक नृत्य को सराहा। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुति में प्रेरणादायक संदेशों का मंचन भावविभोर करने वाला है। ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र त्रिपाठी ने ऐसे कार्यक्रम को बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया। ब्लॉक मंत्री उमेश पाराशर ने कहा कि जब वार्षिकोत्सव का समय पास आ जाता है तो लगभग एक माह पूर्व विद्यालय के छात्र - छात्राएं इसकी तैयारी में जुट जाते हैं। अध्यापकों की देखरेख में रिहर्सल और उनकी कड़ी मेहनत आज हम सबके सामने शानदार प्रस्तुति के रूप में है। यह जानकारी देते हुए जिला प्रवक्ता अब्दुल नोमान ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में इस तरह के कार्यक्रम वास्तव में पिछड़े और सुदूर क्षेत्रों के बच्चों को मुख्य धारा में लाकर उनमें प्रतिस्पर्धा और लगन की भावना का विकास करते हैं। बताते चलें कि स्कूल स्टाफ की लगन और संघर्ष का परिणाम यह है कि प्रवेश की अत्यधिक वृद्धि के चलते कक्षा कक्ष भी कम पड़ जाते हैं। वहीं आयोजित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान देशमुकेश साहू, सुधीर पुरोहित, प्रभात मोदी, श्रद्धा पचौरी, नेहा यादव, भावना शर्मा, कमल सिंह, जितेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।