
प्रगति रथ संस्था ने किया स्वीप कार्यक्रम का शुभारंभ।
झाँसी | प्रगति रथ संस्था पिछले कई महीनो से महिला संपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए ग्राम चंद्रनगर में महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, बच्चों में उचित पोषण, मासिक धर्म, मासिक धर्म के दौरान होने वाली बीमारियां, आत्मरक्षा से संबंधित टिप्स आदि की जानकारी विस्तृत रूप में महिलाओं को दी गई। महिलाओं को समझाया गया कि अपनी स्वच्छता का ध्यान रखें, किस अवस्था में डॉक्टर से संपर्क करें। महिला संपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन बांटे गए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप अभियान 2024 के अंतर्गत आगामी लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान हेतु संस्था द्वारा इसी कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया गया। सभी लोगों को समझाया गया कि मतदान करना हमारा अधिकार ही नहीं, कर्तव्य भी है। अपने मत का उपयोग करें क्योंकि एक-एक वोट शक्तिशाली है, और हमारा भविष्य निर्धारित करेगा। साथ ही जानकारी दी गई की मतदाता केन्द्रों पर दिव्यांग जनों के लिए रैंप, व्हीलचेयर, सहायक कर्मचारी आदि की व्यवस्था भी उपलब्ध होती है। सभी लोगों को बताया गया कि मतदाता वोट पहचान पत्र नहीं होने पर वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, डाकघर द्वारा जारी फोटो पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, आदि को स्वीकार किया जाएगा। इसलिए वोट देने अवश्य जाएं। उपस्थित सभी लोगों से आग्रह किया गया कि अगर आपके आसपास कोई ऐसा मतदान केंद्र है जिसमें दिव्यांग जनों के लिए उचित व्यवस्था, रैंप आदि की व्यवस्था नहीं है, तो संस्था से संपर्क करके इसकी जानकारी दें, जिससे कि संस्था जिला दिव्यांगजन कार्यालय झांसी से संपर्क कर निर्वाचन आयोग की सहायता से केद्रों पर रैंप की व्यवस्था करा सके। उपस्थित दिव्यांग जनों को बताया गया है कि लोगों को उत्साहित करने के लिए मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया जाना है जिसका समय एवं दिनांक निर्धारित होने पर रैली में अवश्य शामिल होने का आग्रह किया गया। नए मतदाताओं को मतदाता सूचि में शामिल किए जाने की प्रक्रिया भी ससविस्तार समझाई गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मतदान हेतु शपथ दिलाई गई कि निर्भीक होकर धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा और अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस कार्यक्रम में संस्था से संस्था के संस्थापक विजय सिंह चौहान, डा. संध्या चौहान, वीना नारोलिया, सना, जरीना खातून, प्रमोद कुमार, अब्दुल अजीज, सुमन रायकवार, आदि उपस्थित रहे।