बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग के छात्रों को वितरित किया गया स्मार्टफोन

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग के छात्रों को वितरित किया गया स्मार्टफोन

Written by Prem Prakash Agarwal 2024-02-29 News
झाँसी | उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग में स्मार्टफोन वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 165 छात्रों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. मुकेश पाण्डेय, सह-अतिथि रजिस्ट्रार महोदय, विनय कुमार और विभागाध्यक्ष डॉ. अनु सिंगला ने संयुक्त रूप से छात्रों को स्मार्टफोन वितरित किए। कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए यह कहा कि यह योजना छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और उन्हें उनकी शिक्षा में सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने छात्रों को ऑनलाइन शिक्षण सामग्री, शोधपत्रों और ई-पुस्तकों तक पहुंचने के लिए स्मार्टफोन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। स्मार्टफोन प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए डॉ. अनु सिंगला ने उनसे आग्रह किया कि वे स्मार्टफोन का उपयोग बुद्धिमानी से और शैक्षणिक कार्यों के लिए करें। उन्होंने इस अवसर पर स्मार्टफोन वितरण के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालने के लिए कुलपति और कुलसचिव का आभार भी व्यक्त किया। स्मार्टफोन प्राप्त करने वाले छात्र बेहद खुश नजर आए। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा डॉ. अनु सिंगला का आभार व्यक्त किया तथा यह बताया कि इससे उनकी पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। ऑनलाइन संसाधनों तक आसान पहुंच के साथ, वे अब अपने विषय से संबंधित नवीनतम जानकारी और शोध सामग्री प्राप्त करने में सक्षम होंगे। इस अवसर पर फॉरेंसिक साइंस एवं अन्य विभागों के शिक्षक भी उपस्थित थे।