
अर्बन हाट में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 286 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे विकसित भारत संकल्प यात्रा ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में किया सहयोग
झाँसी | समाज कल्याण विभाग झांसी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत "सामूहिक विवाह कार्यक्रम" का शुभारंभ जिला अध्यक्ष पवन गौतम के मुख्य आतिथ्य में किले की तलहटी स्थित अर्बन हाट मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासिन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव द्वारा मंचासीन अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने अपने सम्बोधन में कहा कि विकासत भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से हम सभी ने झांसी जनपद की 496 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल लगाकर केन्द्र सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं से आम जनमानस को जोड़ने का कार्य किया है, जो इन योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शुमार सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं निराश्रित महिलाओं के विवाह की समस्याओं का निराकरण किया है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत उन सभी नवयुगल जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने इस आयोजन का प्रतिभागी बन दहेज प्रथा जैसी एक बड़ी कुरीति को तोड़ने का कार्य किया है। यह बहुत ही खुशी की बात है कि एक ही मंच पर आप सभी को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में सदस्य, विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत प्रतिभागी वर-वधुओं को बहुत-बहुत बधाई। आपका जीवन सुखमय, समृद्ध हो एवं आप अपने परिवार को सुचारू रूप से चलाते हुए आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि हमारी माताएं जो निराश्रित और गरीब है उनकी बेटियों की शादी की समस्या को दूर करने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थी को 51 हजार की धनराशि में 35 हजार कन्या के खाते में, 10 हजार की विवाह सामग्री व 6 हजार रूपए खान-पान व्यवस्था हेतु प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिसके घर में बेटियां है तो उनके विवाह हेतु समाज कल्याण विभाग में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में रजिस्ट्रेशन कराकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लिया जा सकता है। इस अवसर पर विधायक, झांसी सदर रवि शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश में आनंद की लहर बह रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के अन्तिम छोर पर खड़े हुए व्यक्ति को योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस गरीब के पास बेटियां होती हैं उनको यह चिंता होती हैं कि पैसों के आभाव में बेटी के हाथ कैसे पीले करें। हमारे मुख्यमंत्री ने ग़रीबी और समस्या को करीब से देखा है, इसलिए उन्होंने ग़रीब की बेटी की शादी की चिंता दूर करने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रहने वालों की प्रत्येक बेटी "सरकार की बेटी" है, उस बेटी के विवाह के लिए मुख्यमंत्री ने ऐसी महत्वाकांक्षी योजना से सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में हमारी बिटिया के विवाह का दायित्व निभाया है। आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का पण्डाल इस बात का साक्षी है, कि एक ही मंच पर दूर-दूराज से आये वर-वधुओं को हमारे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम में पाणि संस्कार हो रहा है, यह पाणि संस्कार दो लोगों को एक बंधन में बंधने का कार्य करता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ब्राह्मणो से आग्रह किया कि विवाह के सारे वचनों का उच्चारण स्पष्ट रूप से करें, जिससे वर-वधुओं को सभी वचन समझ में आ सकें। कार्यक्रम में मा0 विधायक मऊरानीपुर, डॉ रश्मि आर्य ने सामूहिक विवाह में उपस्थित समस्त जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम हमारे लिए एक उत्सव की भांति है और यह उत्सव दो परिवारों को अटूट बंधन में बंधने के साथ ही नये रिश्तों को जन्म देता है, इसी उत्सव को मनाने के लिए हम सभी यहां उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब के घर जब बेटी जन्म लेती है तो उनको यह चिंता होती है कि अपनी बेटी का विवाह कैसे करेंगे। हमारी सरकार ने इसी चिंता को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की और आज इस योजना के माध्यम से गरीब एवं निराश्रित महिलाओं को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव ने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत रू 02.00 लाख वार्षिक आय वाले परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह समाज कल्याण विभाग द्वारा नगर निगम, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत (खण्ड विकास अधिकारी) तथा नगर पालिका परिषद / नगर पंचायत के माध्यम से निःशुल्क सम्पन्न कराया जाता है। इस हेतु शासन द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में दी जाने वाली सहायता रू0 51,000/- की धनराशि में से रू0 35,000/- कन्या के खाते में भेजे जाते हैं, रू0 10,000/- की सामग्री दी जाती है और रू0 6,000/- प्रति जोड़े की दर से विवाह आयोजन में व्यय होती है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभ हेतु समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट cmsvy.upsdc.gov.in पर आवेदन किया जाना अनिवार्य है। उक्त सहायता हेतु कन्या के अभिभावक उ०प्र० के मूल निवासी होने चाहिए, आवेदक के परिवार की आय 02.00 लाख वार्षिक से कम होनी चाहिए। विवाह हेतु कन्या की आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए, तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र आदि अनिवार्य है। कार्यक्रम का संचालन डॉ कल्पना पाण्डेय द्वारा किया गया। अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव द्वारा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सदस्य, राज्य सलाहकार समिति संतराम पेंटर, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव, वरिष्ठ सहायक मनोज वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।