प्रगति रथ संस्था ने चलाया  महिला संपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता अभियान।

प्रगति रथ संस्था ने चलाया महिला संपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता अभियान।

Written by Prem Prakash Agarwal 2024-02-13 News
झाँसी | प्रगति रथ संस्था द्वारा पिछले कई महीनो से महिलाओं के लिए महिला संपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पिछड़े वर्ग की महिलाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संस्था द्वारा चलाए जा रहे महिला संपूर्ण स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, सुरक्षित मातृत्व, बच्चों में उचित पोषण, मासिक धर्म एवं इससे संबंधित बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देने का जिम्मा उठाते हुए संस्था कई दिनों से कार्यक्रम कर रही है। संस्था एक कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य से जुड़े एक ही मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करते हुए इस अभियान को चला रही है ताकि महिलाओं को समझने में आसानी हो। इसी क्रम में बबीना ब्लॉक के ग्राम दुर्गापुर में मासिक धर्म एवं परिवार नियोजन विषय पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म और परिवार नियोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। मासिक धर्म क्या है, क्यूं होता है, इसके दौरान क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, स्वच्छता कैसे रखनी चाहिए, आदि सभी बिन्दुओं पर चर्चा की गई और इससे जुड़ी भ्रांतियों का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विश्लेषण किया गया। बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के आंकड़े बताते हुए महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, सावधानियां, निवारण आदि की जानकारी दी गई। महिलाओं को सुरक्षित गर्भ धारण, गर्भ निरोधक गोलियां, परिवार नियोजन के लिए सुरक्षित उपायों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक विजय सिंह चौहान, डॉ. संध्या चौहान, सना, जरीना खातून, सुमन रायकवार, प्रमोद कुमार, छात्र शौर्य गुप्ता इंटर्न के रूप में उपस्थित रहे।