शासन के निर्देशानुसार बुंदेलखंड के सभी 07 जनपदों में दिनांक 23 जनवरी 2024 से 18 फरवरी 2024 तक मनाया जाएगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024"

शासन के निर्देशानुसार बुंदेलखंड के सभी 07 जनपदों में दिनांक 23 जनवरी 2024 से 18 फरवरी 2024 तक मनाया जाएगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024"

Written by Prem Prakash Agarwal 2024-01-21 News
* शासन के निर्देशानुसार बुंदेलखंड के सभी 07 जनपदों में दिनांक 23 जनवरी 2024 से 18 फरवरी 2024 तक मनाया जाएगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024" * दिनांक 23 जनवरी 2024 को जनपद झांसी से प्रारंभ होकर 18 फरवरी 2024 को जनपद चित्रकूट में होगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024" का समापन * जनपद झांसी में दिनांक 23, 24, एवं 25 जनवरी 2024 (तीन दिन) मनाया जाएगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव- 2024" * महोत्सव जनपद झांसी में 23 जनवरी से 25 जनवरी तक पर्यटकों को प्रदान करेगा विशेष अनुभव * महोत्सव में प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत हॉट एयर बैलून उड़ान, योगा, हैरिटेज वॉक, वाटर स्पोर्ट, हॉट एयर बैलून टेदर एवं लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे महोत्सव के विशेष आकर्षण * जनपद की गणमान्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024" का शुभारंभ * विभागीय अधिकारी शासन की मंशानुरूप "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव-2024" के सफल आयोजन हेतु अपने-अपने दायित्व को पूर्ण करें : जिलाधिकारी झांसी। --------------------------------------- झांसी : आज शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार की अध्यक्षता में "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव - 2024" के आयोजन की तैयारी संबंधी आवश्यक बैठक जिलाधिकारी आवास स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव" के आयोजन की तैयारियों के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार बुंदेलखंड के सभी 07 जनपदों में दिनांक 23 जनवरी 2024 से 18 फरवरी 2024 तक बुंदेलखंड गौरव महोत्सव का आयोजन किया जाना है। उक्त महोत्सव का शुभारंभ दिनांक 23 जनवरी 2024 को जनपद झांसी से प्रारंभ होगा तथा 18 फरवरी 2024 को जनपद चित्रकूट में समाप्त होगा। इसके अंतर्गत जनपद झांसी में बुंदेलखंड गौरव महोत्सव का आयोजन 23, 24, एवं 25 जनवरी 2024 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित यह महोत्सव जनपद झांसी में 23 जनवरी से 25 जनवरी तक पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करेगा। इस महोत्सव का हिस्सा बनने वालों को हैरिटेज वॉक के दौरान बुंदेलखंड के किलों का गौरवशाली इतिहास जानने का अवसर प्राप्त होगा, साथ ही हॉट एयर बलून के माध्यम से झांसी शहर का विहंगम दृश्य भी देखने को मिलेगा तथा वॉटर स्पोर्ट्स की चाहत रखने वालों के लिए बोट राइडिंग तक की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन की सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारी अपने दायित्व की पूर्ति गंभीरता पूर्वक पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन स्थलों पर साफ सफाई सहित कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाए। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी श्रीमती कीर्ति शुक्ला ने जनपद में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय "बुंदेलखंड गौरव महोत्सव- 2024" की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि बुंदेलखंड गौरव महोत्सव का शुभारंभ गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरमामई उपस्थिति में दिनांक 23 जनवरी 2024 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 23, 24 एवं 25 जनवरी 2024 को सुबह 6:45 बजे हॉट एयर बैलून उड़ान कार्यक्रम का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय/मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में, सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक योगा कार्यक्रम का आयोजन अटल एकता पार्क में, सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक झांसी किला में हैरिटेज वॉक, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक नॉटघाट बेतवा नदी स्थित वोट क्लब पर वाटर स्पोर्ट कार्यक्रम तथा शाम 6:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक मेजर ध्यानचंद स्टेडियम हॉट एयर बैलून टेदर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक (तीन दिन) सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत 23 जनवरी 2024 को उद्घाटन के दौरान वीरांगना कार्यक्रम, राई नृत्य कार्यक्रम, लोकप्रिय गायन एवं यूफोरिया बैंड का प्रदर्शन किया जाएगा। दिनांक 24 जनवरी 2024 को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शाम 6:30 बजे से रात 10:00 बजे तक शिव तांडव नृत्य, पाई-झंडा, उत्तर प्रदेश लोक/लोकप्रिय गायन एवं कबीर कैफे बैंड का प्रदर्शन किया जाएगा। 25 जनवरी 2024 को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शाम 6:30 बजे से रात 10:00 बजे तक देशभक्ति गायन, रानी लक्ष्मीबाई नृत्य नाटिका, फूलों की होली, अग्नि बैंड का प्रदर्शन एवं समापन अवसर पर आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। बैठक के दौरान नगर आयुक्त श्री सत्य प्रकाश, सचिव झांसी विकास प्राधिकरण श्रीमती उपमा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वरुण कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अरुण कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट श्री विधेश, डिप्टी एस0पी0 श्री ज्ञानेंद्र सिंह, उप नगर आयुक्त मोहम्मद कमर, जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार, उपनिदेशक राजकीय संग्रहालय श्री मनोज कुमार गौतम, जिला सूचना अधिकारी श्री अरविंद गौर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।