ग्राम चौपाल (गांव की समस्या, गांव का समाधान) के प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित जनपद स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन विकास भवन सभागार में सम्पन्न

ग्राम चौपाल (गांव की समस्या, गांव का समाधान) के प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित जनपद स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन विकास भवन सभागार में सम्पन्न

Written by Prem Prakash Agarwal 2023-12-30 News
** ग्राम चौपाल (गांव की समस्या, गांव का समाधान) के प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित जनपद स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन विकास भवन सभागार में सम्पन्न ** गोष्ठी में ग्राम स्तर पर सरकार की योजनाओं के आच्छादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान एवं समूह की महिलाओं के प्रशस्ति पत्र पाकर खिले चहरे ** दिनांक 06 जनवरी 2023 से अब तक जनपद के विकास खण्डों में 635 ग्राम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की 2057 समस्याओं का समाधान : जिला विकास अधिकारी झांसी: आज जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल (गांव की समस्या, गांव का समाधान) के प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित जनपद स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। गोष्ठी में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार दिनांक 06 जनवरी 2023 से जनपद के सभी विकास खण्डों में प्रत्येक शुक्रवार को 02 ग्राम पंचायतों में ग्राम चैपाल का आयोजन सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किया गया हैं। ग्राम चैपाल के आयोजन के पश्चात सम्बन्धित चैपाल में की गयी कार्यवाही सम्बन्धी समस्त सूचनाओं को विकास खण्ड की रुरल साफ्ट वेबसाइट पर भी फीड कराया गया। गोष्ठी में उपायुक्त मनरेगा श्री शिखर श्रीवास्तव ने जनपद में मनरेगा की प्रगति के बारे में बताया कि मनरेगा योजनान्तर्गत मेडबंधी, समतलीकरण, नाला खुदाई, एपेक्स, सी0सी0 व नाली निर्माण, चक निर्माण पर मिट्टी भराई, अमृत सरोवर निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र, खेल मैदान आदि कार्य कराये जाते है। उन्होने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष मासान्त तक कुल 39.19 लाख मानव दिवस सृजित किये गये है, 1.64 लाख जाॅब कार्ड जारी कर कुल 1.90 लाख क्रियाशील श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराया गया है, इन श्रमिकों में 34 प्रतिशत अनुसूचित जाति/जनजाति एवं 40 प्रतिशत महिला श्रमिक सम्मिलित हैं। गोष्ठी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण श्री राजेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2016-17 प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) प्रारम्भ की गयी। इस योजना के अन्तर्गत ग्राम में पात्र लाभार्थियों का चयन सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 के सर्वेक्षण के अनुसार ग्राम पंचायतवार आवासविहीन, झोपड़ी में रहने वाले एवं कच्चे आवास में निवास करने वाले परिवारों को चयनित सूची से आवास आवंटित किये जाने की व्यवस्था है। उन्होने बताया कि आवास की लागत रु 1.20 लाख निर्धारित की गयी। आवास निर्माण की धनराशि के अतिरिक्त मनरेगा योजना से 90 दिन की मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन योजना से रु 12000 शौचालय निर्माण हेतु उज्जवला योजना के अन्तर्गत मुफ्त गैस कनैक्शन तथा पं0 दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना से मुफ्त में विद्युत कनैक्शन दिये जाने का प्राविधान है। उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत वर्ष 2016-17 से वर्ष 2023-24 तक कुल स्वीकृत 33895 लाभार्थियों के सापेक्ष 32055 (94.60 प्रतिशत) आवासों का निर्माण किया गया, इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत जनपद झांसी में वर्ष 2018-19 से वर्ष 2023-24 तक कुल 2874 (68.60 प्रतिशत) आवासों का निर्माण कराया गया है, जिसमें 68 आवास कुष्ठ रोगियों को, 312 आवास दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों को, 2129 आवास अनुसूचित जनजाति (सहरिया) एवं 1680 आवास दिव्यांग लाभार्थियों को उपलब्ध कराये गये हैं। इस दौरान जनपद में आजीविका मिशन की प्रगति के अन्तर्गत उपायुक्त स्वतः रोजगार श्री बृजमोहन ने बताया कि उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के तहत प्रारम्भ से अब तक कुल 7547 स्वयं सहायता समूह जनपद झांसी में गठित कर 75689 परिवार की महिलाओं को इस महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ा गया है। उन्होने बताया कि इस योजना के माध्यम से 7151 समूहों को स्टार्टअप फण्ड, 7085 समूहों को रिवाॅल्विंग फण्ड, 5883 समूहों को सी0आई0एफ0 प्रदान किया गया तथा 3480 समूहों को सी0सी0एल0 ऋण वितरित कर अब तक कुल 75.34 करोड़ की धनराशि समूह के माध्यम से निर्गत की जा चुकी है। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुये जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार ने बताया कि जनपद की 496 ग्राम पंचायतों में से शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार को ग्रामीणों के विकास एवं उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु चैपालों का आयोजन किया गया है, साथ ही पुनः ग्राम पंचायतों के विकास खण्डों से प्राप्त रोस्टर के अनुसार वर्तमान समय में भी इन चैपालों आयोजन किया जा रहा है। उन्होने बताया कि वर्तमान समय में सभी विकास खण्डों का माह दिसम्बर 2023 से फरवरी 2024 तक का रोस्टर जारी कर रुरल साफ्ट वेबसाइट पर फीड कराया जा चुका है। इन चैपालों में जनपद की सम्मानित जनप्रतिनिधियों की भी प्रतिभागिता रहती है। दिनांक 06 जनवरी 2023 से अब तक जनपद के विकास खण्डों में 635 ग्राम चैपालों का आयोजन किया जा चुका है जिसमें 1840 ब्लाक स्तरीय अधिकारियों तथा 2261 ग्राम स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति पूर्ण रही है। इन चैपालों में कुल 2281 शिकायतें प्राप्त हुई है जिसके सापेक्ष विकास खण्ड अधिकारियों द्वारा 2057 शिकायतों का निस्तारण किया गया है। संगोष्ठी में ग्राम स्तर की समस्या में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 08 ग्राम प्रधानों एवं समूह की 22 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।